भारत-फ्रांस संबंध विश्व शांति के लिए महत्त्वपूर्ण : मोदी

शनिवार, 18 नवंबर 2017 (00:09 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत-फ्रांस रणनीतिक भागीदारी द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित न होकर दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए भी महत्त्वपूर्ण है। मोदी ने उनसे भेंट करने आए फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां-ईव लाद्रेन से मुलाकात के दौरान यह बात कही। 
 
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रॉन की आगामी भारत यात्रा के सिलसिले में यहां आए लाद्रेन ने मोदी की इस जून में हुई फ्रांस यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति से उन्हें अवगत कराया। 
मोदी ने विदेश मंत्री के तौर पर और इससे पहले रक्षामंत्री के रूप में दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने में लाद्रेन की भूमिका की सराहना की। 
 
उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के रणनीतिक संबंध द्विपक्षीय संदर्भों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रीय तथा वैश्विक स्तर पर शांति एवं स्थिरता के कारक के रूप में काम करते हैं। उन्होंने कि वह मैक्रॉन की भारत यात्रा की प्रतीक्षा में हैं।
 
लाद्रेन फ्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री भी हैं। इससे पहले उन्होंने आज यहां विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस रणनीतिक संबंधों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दुहराई। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी