महात्मा गांधी के पोते वृद्धाश्रम में, मोदी ने की बात...

सोमवार, 16 मई 2016 (00:09 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजधानी के एक वृद्धाश्रम में रह रहे महात्मा गांधी के पोते कनुभाई रामदास गांधी से रविवार को टेलीफोन पर बातचीत की। 
          
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्विटर पर यह जानकारी दी। पीएमओ ने ट्वीट कर कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनुभाई गांधी ने काफी देर तक बातचीत की। दोनों ने गुजराती भाषा में बात की और कई विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कनुभाई के वृद्धाश्रम में होने के बारे में जानकारी ली और केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा को कनुभाई से मिलने का निर्देश दिया।
            
पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने गांधी से वृद्धाश्रम जाकर मुलाकात की थी। डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कनुभाई से फोन पर गुजराती में बातचीत की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर ही बापू के पोते और उनकी पत्नी से मुलाकात की। 
 
सत्तासी वर्षीय कनुभाई और 85 वर्षीय उनकी पत्नी शिवा लक्ष्मी गांधी गत आठ मई को ही दक्षिण दिल्ली में गौतमपुरी स्थित गुरु विश्राम वृद्धाश्रम में चले गए थे। दोनों की कोई संतान नहीं है और उन्होंने अपना लगभग पूरा जीवन अमेरिका में बिताया है। कनुभाई 40 वर्ष तक अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा में कार्यरत रहे। 
 
महात्मा गांधी के तीसरे बेटे रामदास के सबसे बड़े पुत्र कनुभाई वर्ष 2014 में अमेरिका से लौट आए थे। वर्ष 2014 में अमेरिकी से लौटने के बाद महात्मा गांधी के तीसरे बेटे रामदास के सबसे बड़े पुत्र अलग-अलग आश्रमों और वृद्धाश्रमों में रह रहे हैं। (वार्ता/ वेबदुनिया) 

वेबदुनिया पर पढ़ें