2 दिनों तक होगा भारत बंद, 28 और 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल

शनिवार, 26 मार्च 2022 (22:56 IST)
केंद्रीय ट्रेड संघों के एक संयुक्त फोरम ने 28 और 29 मार्च को भारत बंद का आह्वान किया है। 28-29 मार्च को विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 2 दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। वहीं चौथा शनिवार होने के कारण 26 और रविवार होने की वजह से 27 को भी बैंक बंद रहेंगे।

खबरों के अनुसार, यह भारत बंद कर्मचारियों, किसानों एवं आम लोगों को प्रभावित करने वाली सरकार की नीतियों के खिलाफ बुलाया गया है। रोडवेज, ट्रांसपोर्ट एवं बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भारत बंद को समर्थन देने का फैसला किया है।

एक बयान के मुताबिक बैंकिंग, बीमा एवं वित्तीय क्षेत्र भी इस हड़ताल का हिस्सा होंगे। ट्रेड संघों के नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों की वजह से महंगाई लगातार बढ़ रही है और शेयर बाजार गिर रहा है।

वाममोर्चा, कांग्रेस से संबंधित श्रमिक संघों समेत कई संघों ने केंद्र की आर्थिक नीतियों के खिलाफ दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हालांकि इनमें भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी से संबंधित श्रमिक संघ शामिल नहीं है।

इस हड़ताल से देशभर में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।एसबीआई ने एक बयान में कहा कि हम पूरी कोशिश करेंगे की ग्राहकों को इस दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी