अटलजी थे तो भाजपा अच्‍छी थी, अब तो देश बेच रहे सारे गुजराती, राजभर का पूरी भाजपा पर हमला

शुक्रवार, 9 जुलाई 2021 (17:15 IST)
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्‍यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्‍होंने पीएम मोदी से लेकर शाह और आडवाणी, तोगड़िया और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं पर भी बयानबाजी की है। उन्‍होंने कहा कि हम करें तो गलत हो जाए और भाजपा करे वो सही कैसे हो जाता है। राजभर ने अटल बि‍हारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा तब तक थी, जब तक अटल बिहारी वाजपेयी जिंदा थे। अब इस पर गुजरातियों का कब्जा है।

राजभर ने कहा, यूपी के गर्वनर से लेकर गृह मंत्री, प्रधानमंत्री, सीबीआई चीफ, ईडी चीफ, वित्त मंत्री, आरबीआई गर्वनर तक सब गुजराती हैं। यहां तक कि देश का पैसा लेकर भागने वाले भी गुजराती हैं।

राजभर ने कहा, पीएम मोदी और भाजपा कहते थे कि काला धन वापस लाएंगे। लेकिन इनके समय में स्विस बैंक में काला धन और भी बढ़ गया है। भाजपा के शासनकाल में महज पिछले 3 साल में स्विस बैंक में 20,000 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। भाजपा बताए कि यह धन किसका है। देश को लूटकर किसने स्विस बैंकों में रकम भरी है।

राजभर ने कहा कि पीएम मोदी कहते थे कि देश नहीं बिकने दूंगा। लेकिन उन्होंने रेलवे, बैंक, LIC, एयरपोर्ट सब कुछ बेच डाला। बड़े कमाल की बात है कि देश बेचने वाला भी गुजराती है और उसे खरीदने वाला भी गुजराती है। बड़े-बड़े कार्पोरेट घराने गुजरात के हैं। देश की रकम लेकर विदेशों में भागने वाले भी गुजरात के ही हैं।

राजभर ने कहा कि जब कोरोना चरम पर था। तब जनता दवा, ऑक्सीजन और अस्पताल में बेड के लिए छटपटा रही थी। लेकिन जनता को ये सब मुहैया कराने के बजाए मोदी और योगी उस समय बंगाल में वोट के लिए छटपटा रहे थे। जनता इसे भूलेगी नहीं, हिसाब पूरा करेगी।

मोदी के साथ ही उन्‍होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत के हिंदू-मुस्लिम का  डीएनए एक होने के बयान पर भी राजभर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हम तो मानते ही हैं कि सभी का डीएनए एक है। भाजपा नेताओं का डीएनए तो वैसे भी मुस्लिमों से मिलता ही है। मुख्तार अब्बास नकवी, शाहनवाज हसैन इसके उदाहरण हैं। आडवाणी, तोगड़िया, मुरली मनोहर जोशी जैसे कई नेता हैं, जिन्होंने अपनी बेटियों या भतीजी की शादी मुस्लिम में की है।
औवेसी के साथ गठबंधन पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजभर ने फिर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी पाकिस्तान में बिरियानी खाने जाते हैं। आडवाणी जिन्ना की मजार पर चादर चढ़ाते हैं। राजनाथ लखनऊ में रोजा खोलने जाते हैं, तब तक सब ठीक है। बोले, फिर राजभर का औवेसी के साथ गठबंधन गलत कैसे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी