महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध सही: पंकजा

शुक्रवार, 4 दिसंबर 2015 (08:12 IST)
मुंबई। अहमदनगर जिले के शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं को पूजा करने की इजाजत नहीं दिए जाने की परंपरा का बचाव करते हुए महाराष्ट्र की ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे ने गुरुवार को कहा कि पारंपरिक रस्मों-रिवाज को महिलाओं के अपमान से नहीं जोड़ा जा सकता।
सुरक्षा को भंग करते हुए मंदिर में एक महिला के पूजा करने के बाद मुंडे की यह टिप्पणी आई है। भाजपा नेता ने कहा कि ये परंपराएं हैं और इसे महिलाओं के अपमान से नहीं जोड़ा सकता।
 
वहीं विपक्षी राकांपा की प्रदेश महिला शाखा की अध्यक्ष चित्रा वाग ने मुंडे के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणी कर भाजपा नेता राज्य को उस युग में ले गई हैं जब महिलाओं के साथ पुरुषों के समान व्यवहार नहीं किया जाता था।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते एक महिला श्रद्धालु के इस मंदिर में पूजा अर्चना करने पर हंगामा हो गया था। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें