जानें, PF पर कितना मिलेगा ब्याज...

शुक्रवार, 19 दिसंबर 2014 (18:02 IST)
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से जुडे पांच करोड उपभोक्ताओं की जमा पर चालू वित्त वर्ष में 8.75 प्रतिशत का ब्याज मिलेगा।
 
सूत्रों ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि वित्त मंत्रालय ने 2014-15 के लिए ब्याज दर पर अपनी मुहर लगा दी है। इसके बाद ईपीएफओ के न्यास मंडल ने ब्याज दर 8.75 प्रतिशत रखने का निर्णय लिया। ईपीएफओ के न्यास मंडल के फैसले के बाद वित्त मंत्रालय की स्वीकृति से इसे अब क्रियान्वित किया जाएगा।  वित्त मंत्रालय के मुहर के बाद ईपीएफओ ब्याज के फैसले को श्रम मंत्रालय और आयकर विभाग अधिसूचित करेंगे। 
 
दत्तात्रय ने कहा कि भविष्य निधि में अंशधारक कर्मचारियों को आवास उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके लिए भी एक समिति का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत पुरानी मांग है और इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
 
उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को संगठन सुशासन दिवस के रूप में मनाएगा। इस अवसर पर सभी कार्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्रम सुविधा पोर्टल और सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और 4.23 करोड़ श्रमिकों को यूएएन जारी किया जा चुका है। इससे पारर्दशिता और उत्तरदायित्व तय करने में तेजी आई है।
 
दत्तात्रय ने बताया कि बैठक के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम 1952 और पेंशन तथा बीमा योजना में संशोधनों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि इससे लाभार्थियों बहुत फायदा होगा। उन्होंने बताया कि भविष्य निधि के दावों के निपटान के लिए नियत अवधि 30 दिन से घटाकर 20 दिन करने का प्रस्ताव भी किया है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें