हिरासत में हनीप्रीत, अब खुलेंगे कई राज...

मंगलवार, 3 अक्टूबर 2017 (15:18 IST)
चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बलात्कार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से फरार चल रही उसकी दत्तक पुत्री हनीप्रीत इंसां को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। 
 
सामने आई हनीप्रीत, कहा...
 
पंचकुला पुलिस आयुक्त एएस चावला ने बताया कि हनीप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कल अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। चावला ने कहा कि हनीप्रीत को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए उसे पुलिस हिरासत में दिए जाने का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हनीप्रीत को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार किया है।
 
हनीप्रीत 25 अगस्त को राम रहीम को दो साध्वियों के साथ बलात्कार करने के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद विभिन्न राज्यों में भड़की हिंसा के बाद से फरार चल रही थी। उसे आज 38 दिन बाद पुलिस गिरफ्तार कर पाई है।  इस हिंसा में 38 लोग मारे गए थे और 250 से अधिक घायल हुए थे। राम रहीम के समर्थकों ने आगजनी कर संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया था।
 
उसने दिल्ली उच्च न्यायालय में भी अग्रिम जमानत की याचिका दी थी जिसे खारिज कर दिया गया था। फरार होने के बाद से हनीप्रीत के नेपाल भाग जाने की भी खबरें आई थीं।
 
राम रहीम को दोषी ठहराने के बाद भड़के दंगों पर हरियाणा पुलिस ने 43 वांछित लोगों की एक सूची भी जारी की थी। उसमें हनीप्रीत का नाम सबसे ऊपर था। हनीप्रीत के मंगलवार को ही कुछ चैनलों में साक्षात्कार दिखाए थे, इसके बाद से आत्मसमर्पण करने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हनीप्रीत को पंजाब पुलिस ने पंचकूला में हरियाणा पुलिस को सौंपा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी