आज देशभर में रंगों का त्योहार होली पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा, रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।
खबरों के अनुसार, देशभर में आज रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने देशवासियों को होली की बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होली की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा, आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए 'एक्स' पर लिखा, होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए आशा से रंगने की याद दिलाए।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने होली की बधाई देते हुए कहा, उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व 'होली' की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को एकता का संदेशवाहक बताया। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें। गोरखपुर में मौजूद आदित्यनाथ ने एक मोर को दाना खिलाते हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की।
होली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को रंगों की उमंग, हर्षोल्लास व आनंद से परिपूर्ण होली महापर्व की मंगलमय शुभकामनाएं। इन्द्रधनुषी रंगों से सजा यह पावन पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा, असीम आनंद एवं सकारात्मकता का संचार करे तथा चिर-नवीन उल्लास से आपके हर दिन को परिपूर्ण करे।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा, देश में रंग व गुलाल आदि का त्योहार, होली की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसे परम्परागत तौर पर पूरे उमंगों के साथ शान्ति, आपसी भाईचारा व सौहार्द के साथ मनाएं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने होली की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, समस्त देशवासियों को होली की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं देता हूं। मैं कामना करता हूं कि रंगोत्सव का यह पावन उत्सव आप सभी के जीवन में उमंग, आनंद और उल्लास का संचार करे। सभी सुख, समृद्धि व सौभाग्य से परिपूर्ण हों।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर लिखा, रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।
दिल्ली पुलिस होली के त्योहार और रमजान के दूसरे जुमे (शुक्रवार) की नमाज के मद्देनजर हाई अलर्ट पर है और उसने जगह-जगह सुरक्षा कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली में 25 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी के अंतर्गत पुलिस के सभी 15 जिलों में खासकर रिहायशी क्षेत्रों और होली समारोह के लिए लोकप्रिय स्थानों पर भी गश्त बढ़ा दी गई है।
किसी को भी कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। विभिन्न स्थानों पर टीम कड़ी निगरानी रख रही हैं और वे हाई अलर्ट पर हैं। यातायात पुलिस और स्थानीय थानों की पुलिस ने संयुक्त चौकियां स्थापित की हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात उल्लंघन की जांच के लिए प्रमुख चौराहों पर विशेष टीम तैनात की गई हैं।
Edited By : Chetan Gour