चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण देश के लिए गौरव का क्षण : नरेन्द्र मोदी

सोमवार, 22 जुलाई 2019 (17:00 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रमा पर भारत के दूसरे मिशन चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और सभी देशवासियों को बधाई देते हुए सोमवार को कहा कि यह देश के गौरवशाली इतिहास का विशेष क्षण है।

मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि यह देश के गौरवशाली इतिहास के कालक्रम पर लिखा जाने वाला महत्वपूर्ण क्षण है। चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण विज्ञान में नए मुकाम हासिल करने के हमारे वैज्ञानिकों के कौशल और 130 करोड़ भारतीयों की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। आज हर भारतीय बेहद गौरवांवित महसूस कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर भारतीय इस तथ्य से अत्यंत आनंदित होगा कि चंद्रयान-2 पूरी तरह से भारतीय मिशन है। इसमें एक ऑर्बिटर है जो चंद्रमा का चक्कर लगाएगा। चंद्रमा की सतह के विश्लेषण के लिए लैंडर-रोवर का एक मॉड्यूल भी है।

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 इस मायने में भी अद्वितीय है कि इसमें चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र का अध्ययन किया जाएगा, जो इससे पहले किसी भी मिशन में नहीं किया गया है। इससे चंद्रमा के बारे में नई जानकारी मिल सकेगी।

मोदी ने कहा कि चंद्रयान-2 जैसे प्रयासों से हमारे प्रतिभाशाली युवाओं को विज्ञान, उच्च गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और नई खोजों की ओर आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि चंद्रयान से देश के चंद्र अभियान को बड़ी मजबूती मिलेगी। इससे चंद्रमा के बारे में हमारी जानकारी में काफी इजाफा होगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी