PM मोदी का कांग्रेस पर जोरदार हमला, बोले इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2024 (19:07 IST)
Prime Minister Narendra Modi's big attack on Congress : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी आज एक परिवार के मोह में अपने इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही है। उनके नेता से अपना एक स्टार्टअप नहीं संभल रहा है और यह लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके पास कार्यकर्ता तक नहीं बचे।
 
यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की आधारशिला रखने और 9,750 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके पास कार्यकर्ता तक नहीं बचे। उन्होंने कहा कि एक परिवार के मोह में फंसी कांग्रेस के हरियाणा में भी वही हाल हैं। आज अपने इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही है। उनके नेता से अपना एक स्टार्टअप नहीं संभल रहा है और यह लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस की हालत यह हो गई है कि उसके पुराने नेता एक-एक करके पार्टी छोड़कर जा रहे हैं और जिन्होंने कभी इनके साथ आने का इरादा किया था, वह भी इनसे भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि कांग्रेस के पास अपने कार्यकर्ता तक नहीं बचे हैं। जहां कांग्रेस सरकार में है, वहां इनसे अपनी सरकार भी नहीं संभल रही है।
 
हिमाचल में लोगों को वेतन और पेंशन देने तक में मुश्किलें आ रहीं : कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस द्वारा किए गए वादों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि आज दोनों राज्यों में इनकी सरकारें हैं लेकिन वे वादों को पूरे नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल में लोगों को वेतन और पेंशन देने तक में मुश्किलें आ रही हैं। वहीं कर्नाटक में विकास की योजनाओं पर भी कांग्रेस सरकार काम नहीं कर पा रही है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस का कुशासन है और दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी की सरकारों का सुशासन है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले 10 वर्षों से डबल इंजन सरकार है और आज वह तेजी से विकास कर रहा है व गरीब कल्याण की कई योजनाओं का शत-प्रतिशत अमल करने वाले राज्यों में अव्वल रहा है।
 
मोदी ने देश को जो गारंटी दी वह पूरी की है : दुनिया में बढ़ती भारत की साख, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और पूर्व सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन दिए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को जो गारंटी दी वह पूरी की है और वह अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की गारंटी पूरी करेंगे।
 
वो भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं : प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो और आज पूरा देश भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जो लोग भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि राम मंदिर बने, वो भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं।
 
उन्होंने दावा किया कि जनता के आशीर्वाद से इस बार भाजपा को 370 और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 पार सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सीटों का महत्व तो है ही लेकिन मेरे लिए उसके साथ-साथ जनता-जनार्दन का आशीर्वाद बहुत बड़ी पूंजी है। आज भारत पूरी दुनिया में नई ऊंचाई पर पहुंचा है तो यह आप सबके आशीर्वाद के कारण ही हुआ है।
 
भारत 11 नंबर से ऊपर उठकर 5वें नंबर की आर्थिक महाशक्ति बना : संयुक्त अरब अमीरात और कतर की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों में जिस प्रकार का सम्मान भारतीयों को मिलता है वही सम्मान हर भारतीय को अन्य देशों में मिलता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत 11 नंबर से ऊपर उठकर 5वें नंबर की आर्थिक महाशक्ति बना है। अब मुझे अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाना है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना बहुत जरूरी है और यह तभी विकसित होगा जब यहां आधुनिक सड़के बनेंगी, रेलवे का आधुनिक नेटवर्क होगा और जब यहां बड़े और अच्छे अस्पताल होंगे। मोदी ने कहा कि आज मैंने रेवाड़ी में एम्स का शिलान्यास किया है और इसका लोकार्पण भी मेरे हाथों ही होगा।
 
कांग्रेस की नीतियों में लूट और भ्रष्टाचार है : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसका ट्रैक रिकॉर्ड सिर्फ एक ही परिवार के हित को देशवासियों के हित से ऊपर रखने का, घोटालों का, सेना और सैनिक दोनों को कमजोर करने का रहा है। उन्होंने कहा कि यह बातें याद रखना जरूरी है। आज भी कांग्रेस की टीम वही है। नेता वही हैं और नीयत भी वही है और उनकी निष्ठा एक ही परिवार के प्रति है। नीतियों में लूट और भ्रष्टाचार है।
 
उन्होंने कांग्रेस पर अपने खिलाफ लगातार साजिशें रचने का आरोप लगाया और कहा कि इस बार भी उसने उनके खिलाफ सारे मोर्चे खोल दिए हैं लेकिन देश की जनता का सुरक्षा कवच उसकी मंशा को विफल कर देता है।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी