लखीमपुर मामले में प्रियंका की पीएम मोदी को चिट्ठी, पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग

शनिवार, 20 नवंबर 2021 (10:53 IST)
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखीमपुर हिंसा मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने यूपी सरकार पर न्याय की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
 
प्रियंका ने चिट्ठी में लिखा कि लखीमपुर किसान नरसंहार में अन्नदाताओं के साथ हुई क्रूरता को पूरे देश ने देखा। आपको यह जानकारी भी है कि किसानो को अपनी गाड़ी से कुचलने का मुख्य आरोपी आपकी सरकार के केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री का बेटा है।
 
राजनीतिक दबाव के चलते इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने शुरुआत से ही न्याय की आवाज को दबाने की कोशिश की। सुप्रीम कोर्ट ने इस संदर्भ में कहा कि सरकार की मंशा देखकर लगता है कि सरकार किसी विशेष आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है।
 
उन्होने कहा कि लखीमपुर में मारे गए किसानों के परिवारों से वह मिली है। वह असहनीय पीड़ा में है। परिवार न्याय चाहते है मगर केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री के पद में बने रहते यह संभव नहीं है। किसान नरसंहार मामले में जांच की हालिया स्थिति उन परिवारों की आशंका को सही साबित करती है। देश की कानून व्यवस्था के जिम्मेदार गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आपके उसी मंत्री के साथ मंच साझा कर रहे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी