पंजाब में अकाली-भाजपा को बढ़त, कांग्रेस भी मुकाबले में

बुधवार, 4 जनवरी 2017 (19:37 IST)
नई दिल्ली। पंजाब में फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए खुशखबरी है। एक सर्वे के मुताबिक भगवा गठबंधन पंजाब में सबसे ज्यादा सीटें हासिल करता हुआ दिख रहा है। हालांकि मुख्‍यमंत्री के रूप में पंजाब कांग्रेस के मुखिया कैप्टन अमरिंदरसिंह मतदाताओं की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। 
एबीपी न्यूज के सर्वे के मुताबिक अकाली-भाजपा गठबंधन को 117 सदस्यीय विधानसभा में 50 से 58 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 41 से 49 सीटें मिल सकती हैं। इस बार पंजाब विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी भी तीसरे सबसे बड़े दल के रूप में उभर रही है। सर्वे के मुताबिक आम आदमी पार्टी को 12 से 18 सीटें मिल सकती हैं। 

यदि वोट की बातें करें तो इस सर्वे के मुताबिक भगवा गठबंधन को 34 फीसदी वोट मिलने की संभावना है, जबकि कांग्रेस को 31 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। आम आदमी पार्टी को 21 फीसदी वोट मिल सकते हैं। 
 
उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा के लिए 4 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा। पिछले चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन 68 सीटें मिली थीं। इसमें 56 सीटें अकाली दल को जबकि 12 सीटें भाजपा को मिली थीं। इस लिहाज से भगवा गठबंधन को नुकसान होता भी दिख रहा है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें