राहुल बोले, आंखों में तूफान..साहेब अंजान क्यों हैं...

सोमवार, 13 नवंबर 2017 (23:14 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजधानी एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले वायु प्रदूषण के खतरनाक स्तर के कारण आम आदमी को हो रही परेशानियों का जिक्र करते हुए सोमवार को एक फिल्म की ग़ज़ल के शब्दों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया, क्या बताएंगे साहेब, सब जानकर अंजान क्यों हैं?
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ट्वीट में कहा, सीने में जलन, आंखों में तूफ़ान सा क्यों है/ इस शहर में हर शख़्स परेशान सा क्यों है? राहुल का स्पष्ट संकेत वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि की ओर था। राहुल ने ये शब्द दरअसल, 'गमन' फिल्म के लिए लिखी गई शहरयार की ग़ज़ल से लिए हैं। दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों में वायु प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि वह सभी वर्गों के लिए एक भारी परेशानी का कारण बना हुआ है।
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आगे यह पंक्ति जोड़ी है, क्या बताएंगे साहेब, सब जानकार अंजान क्यों हैं? राहुल ने ट्वीट के साथ मास्क पहने हुए बच्चों की तस्वीर और एक खबर पोस्ट की है। खबर में कहा गया है कि भारत में वायु प्रदूषण के कारण 18 लाख लोगों की मौत हुई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार पर निशाना साधने के लिए शेरो-शायरी का सहारा ले रहे हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी