इंदौर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा रविवार को मध्य प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर पहुंची। इस दौरान समाज के अलग-अलग तबके के लोगों के साथ-साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी यात्रा में शामिल हुआ और राहुल कुछ देर के लिए उसकी व्हीलचेयर धकेलते नजर आए। यात्रा में हिस्सा लेने के बाद दिव्यांग मनोहर ने बताया कि उन्होंने राहुल से कहा कि अब देश बदलना चाहिए।
भारत जोड़ो यात्रा रविवार को मध्य प्रदेश में 5वें दिन में प्रवेश कर गई। इसमें शामिल लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में रात्रि विश्राम के बाद राहुल की अगुवाई में पैदल चलना प्रारंभ किया और इंदौर जिले के राऊ पहुंची। राऊ में यात्रा के स्वागत के लिए लाल कालीन बिछाई गई थी।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राऊ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हेलमेट पहनकर बाइक भी चलाई। इस दौरान कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी उनके साथ भागते हुए दिखाई दे रहे थे।
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, देश के लिए बेशुमार प्यार और लोकतंत्र पर अटूट विश्वास ही तो है जो हज़ारों लोगों को 'भारतीयता' के एक रंग में रंग रहा है। माँ अहिल्या की पावन नगरी में उमड़ा यह जनसैलाब देश जोड़कर ही रहेगा।
राहुल आज शाम इंदौर के राजवाड़ा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे चिमनबाग मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे। वे सोमवार सुबह 6 बजे बड़े गणपति से उज्जैन के लिए रवाना हो जाएंगे।