Rahul Gandhi on Farmers sucide : पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या को लेकर गुरुवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में 3 माह में 767 किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने यह दावा भी किया कि यह सिस्टम किसानों को मार रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने 'पीआर' का तमाशा देख रहे हैं। इस पर भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी पलटवार करने में देर नहीं की।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया, 'सोचिए.. सिर्फ तीन महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या कर ली। क्या यह सिर्फ एक आंकड़ा है? नहीं। ये 767 उजड़े हुए घर हैं। 767 परिवार, जो कभी नहीं संभल पाएंगे। और सरकार? वह चुप है। बेरुख़ी से देख रही है।'
उन्होंने दावा किया कि किसान हर दिन कर्ज़ में और गहराई तक डूब रहा है - बीज महंगे हैं, खाद महंगी है, डीजल महंगा है.. लेकिन एमएसपी की कोई गारंटी नहीं। जब वे कर्ज़ माफ़ी की मांग करते हैं, तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है।
सोचिए.. सिर्फ 3 महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या कर ली।
क्या ये सिर्फ एक आंकड़ा है? नहीं। ये 767 उजड़े हुए घर हैं। 767 परिवार जो कभी नहीं संभल पाएंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लेकिन जिनके पास करोड़ों रुपये हैं? उनके कर्ज मोदी सरकार आराम से माफ कर देती है। आज की ही खबर देख लीजिए - अनिल अंबानी का 48,000 करोड़ रुपए का एसबीआई “फ्रॉड”।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी ने कहा था, किसान की आमदनी दोगुनी करेंगे - आज हालत ये है कि अन्नदाता की ज़िंदगी ही आधी हो रही है। यह सिस्टम किसानों को मार रहा है - चुपचाप, लेकिन लगातार.... और मोदी जी अपने ही पीआर का तमाशा देख रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए एक्स पर एक चार्ट साझा किया, जिसमें दावा किया गया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-कांग्रेस सरकार के 15 साल के कार्यकाल के दौरान महाराष्ट्र में 55,928 किसानों ने आत्महत्या की। मालवीय ने कहा कि मृतकों को गिनने की राजनीति घृणित है, लेकिन राहुल गांधी जैसे लोगों को आईना दिखाना जरूरी है।'
भाजपा नेता ने कहा कि अपना मुंह खोलने से पहले राहुल गांधी को महाराष्ट्र में उनकी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान द्वारा "किए गए पाप" को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले बताएं कि महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा (एसपी) सरकार के 15 वर्षों में 55,928 किसानों ने आत्महत्या क्यों की?'