मुस्लिम-ईसाइयों को ‍हिन्दुस्तान में रहने का अधिकार नहीं : ‍सिंह

गुरुवार, 18 दिसंबर 2014 (12:09 IST)
अलीगढ़। अलीगढ़ और आगरा में धर्म परिवर्तन का मामला अभी ठंडा हुआ नहीं है और नया सनसनीखेज मामला सामने आ गया है। एक न्यूज चैनल के अनुसार धर्म जागरण मंच के नेता राजेश्वरसिंह ने दावा किया है कि वे अभी तक 3 लाख से ज्यादा लोगों की 'घर वापसी' करा चुके हैं और हिन्दू बना चुके हैं। 
 
राजेश्वर सिंह ने 2021 तक भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों और ईसाइयों को भारत में रहने का हक नहीं है, वहीं उन्होंने इस्लाम और ईसाई धर्म को खत्म करने का दावा भी किया है। आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने क्रिसमस के मौके पर 15 हजार मुस्लिम-ईसाई परिवारों के धर्म परिवर्तन की तैयारी की थी। इसे आरएसएस ने 'घर वापसी' का नाम दिया था। 
 
हजारों लोगों के इस धर्म परिवर्तन के बारे में आयोजकों का दावा था कि यह अलीगढ़ में सबसे बड़ा आयोजन था जिसमें बीजेपी सांसद आदित्यनाथ भी शामिल होने वाले थे। बाद में इस विवादित धर्मांतरण कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। इसके साथ इस मुद्दे पर कई दिनों से जारी गतिरोध खत्म हो गया। हालांकि संगठन के अपने रुख से पलट जाने का कारण स्पष्ट नहीं किया।
  
संगठन ने क्रिसमस के दिन 25 दिसंबर को एक स्थानीय कॉलेज में बड़े पैमाने पर एक धर्मांतरण समारोह आयोजित करने की घोषणा की थी इसके बाद विवाद शुरू हो गया था। बीजेपी के सांसद योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित समारोह में शामिल होने की अपनी योजनाओं की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि अगर लोग अपनी मर्जी से धर्मांतरण कर रहे हैं तो उनके दोबारा हिन्दू बनने में कुछ भी गलत नहीं है। उधर धर्म जागरण मंच ने दावा किया है कि 31 दिसंबर 2021 तक सबको हिन्दू बना देंगे। (एजेंसियां)

वेबदुनिया पर पढ़ें