संजय राउत की अस्पताल से छुट्टी, कहा- शिवसेना से होगा अगला मुख्यमंत्री

बुधवार, 13 नवंबर 2019 (16:36 IST)
मुंबई। वरिष्ठ शिवसेना नेता संजय राउत की बुधवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल से छुट्टी हो गई। सीने में दर्द के बाद 2 दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से रवाना होते समय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शिवसेना से ही होगा।
 
हृदय की वाहिकाओं में आए दो ब्लॉकेज को हटाने के लिए राउत (57) की सोमवार की शाम अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई थी।
 
राउत के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय के लिए आराम करने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि एंजियोप्लास्टी प्रक्रिया की प्रगति के आकलन के लिए कुछ दिन बाद उनकी एक और जांच होगी।
 
शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक राउत पिछले कुछ समय से लगातार अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए मीडिया से बात कर रहे थे।
 
राज्य में 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद से वह भाजपा-शिवसेना में हुए सत्ता के बंटवारे के कथित समझौते का हवाला देते हुए ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद के संबंध में मांग दोहरा रहे थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी