महंगा पड़ेगा दिल्ली-आगरा सेमी हाईस्पीड ट्रेन का सफर...

शुक्रवार, 28 नवंबर 2014 (08:32 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली-आगरा सेमी हाईस्पीड ट्रेन ‘गतिमान एक्सप्रेस’ में सफर करने के लिए यात्रियों को अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी क्योंकि इसका किराया इसी मार्ग पर शताब्दी एक्सप्रेस से करीब 25 फीसदी ज्यादा है।
 
रेलवे की एक अधिसूचना में कहा गया है कि गतिमान ट्रेन के किराए की संरचना समान मार्ग और गंतव्य पर शताब्दी के किराए से 25 फीसदी अधिक है।
 
दिल्ली-आगरा मार्ग पर शताब्दी ट्रेन में एसी चेयर कार के लिए 505 रुपए चुकाने पड़ते हैं, जबकि गतिमान एक्सप्रेस में इसके लिए 625 रुपए अदा करने होंगे। वहीं, गतिमान की एग्जक्यूटिव श्रेणी का किराया करीब 1,325 रुपया है जबकि शताब्दी का किराया 1,000 रुपए है।
 
गतिमान एक्सप्रेस के अगले महीने से संचालित होने की उम्मीद है। इसकी रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो भारतीय रेल की अब तक की सर्वाधिक गति होगी।
 
गौरतलब है कि शताब्दी 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है। शताब्दी में दिल्ली-आगरा के बीच यात्रा में 120 मिनट का वक्त लगता है जब कि गतिमान एक्सप्रेस में 105 मिनट लगने का प्रस्ताव है।
 
इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के लिए रेलवे फिलहाल रेल सुरक्षा आयुक्त से सुरक्षा मंजूरी का इंतजार कर रहा है। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक सभी आवश्यक तैयारी जल्द पूरी होने की उम्मीद है।

वेबदुनिया पर पढ़ें