Congress President Election : फिर विवाद में घिरे शशि थरूर, घोषणा पत्र में दिखाया भारत का गलत नक्शा, भाजपा ने साधा निशाना

शुक्रवार, 30 सितम्बर 2022 (20:12 IST)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने अपने घोषणा पत्र में भारत का जो नक्शा दिखाया है, वह विकृत है, जिसमें जम्मू एवं कश्मीर के हिस्से नहीं हैं। बाद में थरूर के कार्यालय ने कहा कि भारत के नक्शे को अब सुधार दिया गया है।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि गांधी परिवार का समर्थन प्राप्त करने के लिए नक्शे के साथ छेड़छाड़ की गई है। थरूर ने पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने इस अवसर पर अपना एक घोषणा पत्र भी जारी किया।

इस घोषणा पत्र में भारत के नक्शे में जम्मू एवं कश्मीर के कुछ हिस्सों को उचित तरीके से नहीं दिखाया गया था और उसमें लद्दाख नदारद था। बाद में थरूर के कार्यालय ने कहा कि भारत के नक्शे को अब सुधार दिया गया है।

मालवीय ने एक ट्वीट में कहा, एक तरफ जहां माना जा रहा है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भारत के टुकड़े-टुकड़े करने पर तुले हुए हैं। शायद वह सोचते होंगे कि इससे उन्हें गांधी परिवार का समर्थन हासिल करने में मदद मिलेगी।

भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने भी एक ट्वीट कर थरूर को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, यह न तो कोई गलती है और न ही भयंकर भूल है, बल्कि जम्मू एवं कश्मीर को लेकर कांग्रेस की निर्धारित नीति है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में थरूर का मुकाबला राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से है।Edited by : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी