शिवसेना की मांग, बंबई हाईकोर्ट का नाम बदलें

मंगलवार, 21 अप्रैल 2015 (18:59 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र में 1995-99 के दौरान शिवसेना-भाजपा के शासनकाल के दौरान बंबई का नाम बदलकर मुंबई करने के बाद राज्य और केंद्र में भाजपा के साथ सत्ता में साझीदारी कर रही शिवसेना ने बंबई उच्च न्यायालय का नाम बदलने की मांग की है।

शिवसेना उच्च न्यायालय का नाम बंबई को बदलकर मुंबई करना चाहती है। शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने आज कहा कि उन्होंने केंद्रीय विधिमंत्री सदानंद गौड़ा से नाम बदलने के मुद्दे पर बातचीत की है।

सावंत ने कहा, चूंकि शहर अब मुंबई के नाम से जाना जाता है, इसलिए हम सरकारी संस्थानों को पुराने नाम से जोड़ना जारी नहीं रख सकते।

शिवसेना नेता के अनुसार मुंबई का नाम मुंबादेवी के नाम पर पड़ा है। उन्होंने कहा, हालांकि बंबई शब्द ब्रिटिश शासकों ने गढ़ा था क्योंकि वे मुंबई उच्चारण नहीं कर सकते थे। शिवसेना के कदम की विपक्षी कांग्रेस ने आलोचना की है। उसने कहा कि सत्तारुढ़ पार्टी विकास के मुद्दों से विचलित हो रही है।

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा, उनका ध्यान हट गया है। सरकार में शामिल होने से पहले उन्होंने खुद को किसानों के मसीहा के तौर पर पेश किया और भाजपा से चाहते हैं कि वह किसानों को आत्महत्या करने से रोके और उन्हें पर्याप्त मुआवजा दे।

पाटिल ने कहा, इस मुद्दे (नाम बदलने) पर अपनी ताकत झोंकने के बजाय राज्य को किसानों को आत्महत्या से रोकने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की आवश्यकता है। उनका ध्यान इस पर केन्द्रित होना चाहिए। ऐसे मुद्दों पर समय बर्बाद करना फिलहाल गैर जरूरी है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें