केंद्र सरकार कर रही है इतिहास बदलने की कोशिश : शिवसेना

गुरुवार, 27 जनवरी 2022 (21:32 IST)
मुंबई। शिवसेना पार्टी के प्रवक्ता और सांसद संजय राउत ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है।

मालाड में हाल ही में उद्घाटित खेल परिसर का नामकरण टीपू सुल्तान के नाम पर रखने पर भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने एक बयान दिया था कि 24 घंटे के भीतर नाम बदला जाए अन्यथा भाजपा पूरे राज्य में आंदोलन करेगी। इस बयान पर राउत ने कहा कि केंद्र सरकार इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है, लेकिन महाविकास अघाड़ी राज्य सरकार निर्णय लेने में सक्षम है।

राउत ने कहा कि ऐसा लगता है कि केवल उन्हें ही इतिहास का ज्ञान है। सब नया इतिहास लिखने बैठे हैं, ये इतिहासकार इतिहास बदलने आए हैं। हम टीपू सुल्तान के बारे में जानते हैं, भाजपा से सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि आप केंद्र में इतिहास बदलते रहें लेकिन ऐसा करने में आप सफल नहीं होंगे।

शिवसेना नेता ने कहा कि राष्ट्रपति कोविंद कर्नाटक गए और टीपू सुल्तान की विधानसभा में प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एक ऐतिहासिक योद्धा, स्वतंत्रता सेनानी थे। तो, क्या आप राष्ट्रपति का इस्तीफा भी मांगेंगे। भाजपा को इसे स्पष्ट करना चाहिए। यह सिर्फ एक नाटक है।

अठारहवीं शताब्दी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान के नाम पर मुंबई के मालाड में एक खेल परिसर के नामकरण ने एक बड़ा विवाद पैदा कर दिया है। भाजपा ने नामकरण का विरोध करते हुए कहा कि शासक ने हिंदुओं को सताया इसलिए खेल परिसर पर उनका नाम अस्वीकार्य है।

खेल परिसर के नामकरण को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है। परियोजनाओं के आधिकारिक नामों को अंतिम रूप देना बीएमसी के दायरे में आता है और महापौर ने कहा है कि उस पार्क के आधिकारिक नाम को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी