सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में 2 शूटर समेत 3 आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

सोमवार, 20 जून 2022 (17:11 IST)
नई दिल्ली। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले में दिल्ली पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खबरों के मुताबिक इनमें 2 शूटर हैं। सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई को पंजाब के मानसा जिले में   हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

हत्या मामले में गिरफ्तार किए गए 3 आरोपियों में से एक घटना के समय मुख्य षड्यंत्रकारी गोल्डी बराड़ के संपर्क में था। 
ALSO READ: Sidhu Moose Wala Murder: कौन है सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड? दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल 2 मुख्य शूटरों समेत उनका मॉड्यूल हेड को गिरफ्तार  किया है। इनसे बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामान बरामद हुआ है।
 
प्रियव्रत था हत्या का मुख्य शूटर : अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी (26), झज्जर जिले के रहने वाला कशिश (24) और पंजाब के बठिंडा का निवासी केशव कुमार (29) के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि प्रियव्रत शूटर की एक टीम का लीडर है और घटना के समय कनाडा में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के सीधे संपर्क में था। वह हत्या का मुख्य शूटर है और उसने ही कत्ल को अंजाम दिया था। बराड़ ने प्रसिद्ध गायक एवं कांग्रेस नेता की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
 
सीसीटीवी में नजर आया प्रियव्रत : घटना से पहले एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में प्रियव्रत को देखा जा सकता है। पुलिस ने कहा कि वह पहले हत्या के दो मामलों में शामिल रहा है और 2015 में सोनीपत में एक मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था और वह 2021 में सोनीपत में हुई हत्या के एक अन्य मामले में भी वांछित था। पुलिस ने कहा कि कशिश भी एक शूटर है और सीसीटीवी फुटेज में उसे भी देखा गया था। वह हरियाणा के झज्जर में 2021 में की गई हत्या के एक मामले में वांछित है।
 
पुलिस ने बताया कि कुमार उनका मददगार था और गोलीबारी के फौरन बाद शूटर को एक ऑल्टो कार में ले गया था। पुलिस ने कहा कि वह घटना वाले दिन मानसा तक शूटर के साथ रहा। उन्होंने कहा कि वह 2020 में बठिंडा में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसके पंजाब में जबरन वसूली के अन्य मामलों में शामिल होने का शक है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद मिला है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी