भारत में अगले साल 5-10 अरब डॉलर का निवेश कर सकती है सॉफ्टबैंक

गुरुवार, 11 नवंबर 2021 (23:16 IST)
नई दिल्ली। भारत की कई स्टार्टअप कंपनियों में निवेश करने वाली फर्म सॉफ्टबैंक अगले साल अनुकूल कंपनियां मिलने पर यहां 5-10 अरब डॉलर का निवेश और कर सकती है।

सॉफ्टबैंक इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि सही मूल्यांकन पर सही कंपनियां मिलने की स्थिति में उनकी फर्म भारत में वर्ष 2022 में 5-10 अरब डॉलर का निवेश करने की सोच रही है।

मिश्रा ने ब्लूमबर्ग के छठवें 'इंडिया इकोनॉमिक फोरम 2021' को संबोधित करते हुए कहा कि सॉफ्टबैंक भारत में करीब एक दशक से निवेश करती आ रही है और पिछले छह वर्षों में ही करीब 14 अरब डॉलर का निवेश कर चुकी है।

उन्होंने कहा, इस साल हम अब तक तीन अरब डॉलर का निवेश कर चुके हैं और आगे भी निवेश के मौके देख रहे हैं। हमने भारत में 24 कंपनियों में निवेश किया है।

उन्होंने कहा, अगर हमें सही कंपनियां मिलीं तो हम अभी पांच से 10 अरब डॉलर का निवेश और कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए सही मूल्यांकन वाली कंपनियां होना जरूरी है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी