लालू ने कहा- वो हरा नहीं सकते, इसलिए साजिशों में फंसाते हैं, तेजस्वी भी सजा पर भड़के

सोमवार, 21 फ़रवरी 2022 (16:19 IST)
नई दिल्ली। सजा सुनाने के बाद राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वो हरा नहीं सकते इसलिए साजिशों में फंसाते हैं। उल्लेखनीय है कि लालू यादव को 139 करोड़ के चारा घोटाले में सीबीआई अदालत ने 5 साल की सजा सुनाई है एवं 60 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। 
 
सजा के बाद लालू यादव ने ट्वीट कर कहा-
 
अन्याय असमानता से
तानाशाही ज़ुल्मी सत्ता से 
लड़ा हूँ लड़ता रहूँगा 
डाल कर आँखों में आँखें 
सच जिसकी ताक़त है 
साथ है जिसके जनता
उसके हौसले क्या तोड़ेंगी सलाख़ें
उन्होंने एक अन्य ट्‍वीट में कहा-
 
मैं उनसे लड़ता हूँ जो लोगों को आपस में लड़ाते हैं
वो हरा नहीं सकते इसलिए साजिशों से फँसाते हैं
ना डरा ना झुका, सदा लड़ा हूँ, लड़ता ही रहूँगा
लड़ाकों का संघर्ष कायरों को ना समझ आया है ना आएगा।
 
तेजस्वी भी भड़के : इस फैसले के बाद लालू यादव के बेटे और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सीएम तेजस्वी यादव ने एजेंसियों पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि क्या देश में चारा घोटाले के अलावा कोई और घोटाला नहीं हुआ। अकेले बिहार में ही करीब 80 घोटाले हो चुके हैं, लेकिन सीबीआई, ईडी और एनआईए आखिर कहां हैं। क्या सीबीआई ने विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को भुला दिया है।
उन्होंने कहा कि मैं अदालत के फैसले पर कमेंट नहीं करूंगा। यह आखिरी फैसला नहीं है। हमने हाईकोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी है। तेजस्वी ने उम्मीद जताई की ऊपरी अदालत में निचली कोर्ट का फैसला पलट जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि लालू जी ने भाजपा से हाथ मिला लिया होता तो उन्हें राजा हरिशचंद्र कहा जाता।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी