चिराग पासवान ने सपा-बसपा गठबंधन को बताया मजबूत, एनडीए को दी यह सलाह

रविवार, 13 जनवरी 2019 (09:35 IST)
नई दिल्ली। भाजपा की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने शनिवार को सपा-बसपा गठबंधन को एक मजबूत चुनावी गठजोड़ बताया और कहा कि सत्ताधारी राजग को भी विपक्ष को चुनौती देने के लिए स्वयं को सुदृढ़ बनाना होगा।
 
लोजपा नेता चिराग पासवान ने कभी धुर प्रतिद्वंद्वी रहे दलों के गठबंधन को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह गठजोड़ उनके बीच हुआ है जिन्होंने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक सम्पत्ति एकत्रित की। उनका परोक्ष इशारा बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की ओर था।
 
पासवान ने कहा कि दोनों दलों ने उत्तरप्रदेश में लंबे समय तक शासन किया, जहां के लोगों को बेरोजगारी और अपराध के चलते दूसरे जगह जाने को मजबूर होना पड़ा।
 
उन्होंने कहा कि एक चुनावी रणनीति के तौर पर सपा-बसपा का गठबंधन मजबूत है। भाजपा नीत राजग को भी उसे चुनौती देने को स्वयं को सुदृढ़ बनाना होगा ताकि उत्तर प्रदेश के लोग सपा-बसपा गठबंधन को एक मुंहतोड़ जवाब दे सकें। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी