Political News : बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य का सत्तारूढ़ महागठबंधन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रथ को वैसे ही रोकेगा जैसे उनके पिता लालू प्रसाद ने लाल कृष्ण आडवाणी की रथयात्रा को रोक दिया था।
राजद के युवा नेता ने राज्य के हथकरघा बुनकर सहकारी संघ द्वारा आयोजित एक समारोह में कहा कि विपक्षी दल केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा को हराने के लिए साथ आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर अतीत में किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब भी भाजपा की कमियों को इंगित किया गया तो उसने हिंदू बनाम मुस्लिम को बढ़ावा दिया।
तेजस्वी ने कहा कि देश सभी समुदायों का है और किसी भी सामाजिक समूह को उसके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। चाहे हिंदू हों, मुसलमान हों या कोई अन्य धार्मिक समुदाय, सभी ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी।
उन्होंने कहा कि हम कुछ लोगों से ऐसी अपमानजनक टिप्पणी सुनते हैं, जिनमें सुझाव दिया जाता है कि मुसलमानों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जाना चाहिए।
यादव ने कहा कि लेकिन निश्चिंत रहें, जब तक लालू प्रसाद और नीतीश कुमार जैसे नेता हैं, कोई भी ऐसा कुछ करने की हिम्मत नहीं कर सकता। लालू ने लालकृष्ण आडवाणी के रथ को रोक दिया था। अब नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला महागठबंधन (मोदी का) रथ रोकेगा।
उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने से डरी हुई है, क्योंकि उसे वहां एकजुट विपक्ष का सामना करना पड़ सकता है। (इनपुट : भाषा)