कतर ही नहीं इन मुस्‍लिम देशों में भी सजा काट रहे हैं हजारों भारतीय कैदी

Webdunia
शनिवार, 28 अक्टूबर 2023 (16:04 IST)
कतर से हाल ही में खबर आई है कि 8 भारतीय नैवी अधिकारियों को मौत की सजा दी जाएगी। भारतीय नागरिकों की मौत की सजा की इस खबर ने पूरे भारत में खलबली मचा दी।

केंद्र सरकार का इस मामले में कहना है कि अभी उनके पास इस फैसले की पूरी डिटेल नहीं आई है, कॉपी मिलने के बाद ही इस पर कार्रवाई को लेकर आगे विमर्श किया जाएगा। सरकार इस मुद्दे का हरसंभव समाधान खोजने में जुट गई है।

बता दें कि कतर में जिन लोगों को फांसी की सजा दी जाने की खबर आई है, वे सभी भारतीय नौसेना के सदस्य हैं, जो साल 2022 के अगस्त से ही जासूसी के आरोप में जेल में बंद हैं। इसकी जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय ने बीते गुरुवार को दी। यह घटना एक बार फिर खाड़ी देशों में कैद भारतीयों को सुर्खियों में लाती है।

ऐसे में शायद आप नहीं जानते होंगे कि दुनिया के किन अरब देशों में कितने भारतीय कैद हैं और सजा काट रहे हैं। आइए जानते हैं।

क्‍या कहते हैं विदेश मंत्रालय के आंकड़े?
इस साल 24 मार्च तक विदेश मंत्रालय ने विदेशी जेलों में बंद भारतीय कैदियों के आंकड़े जारी किए थे। जिसमें सामने आया था कि विदेशी जेलों में विचाराधीन कैदियों सहित 8,437 भारतीय कैदी हैं। साल 2007 के बाद से विदेशी जेलों में बंद भारतीयों की यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘हालांकि, कई देशों में प्रचलित मजबूत गोपनीयता कानूनों के कारण, स्थानीय अधिकारी कैदियों के बारे में जानकारी तब तक साझा नहीं करते हैं जब तक कि संबंधित व्यक्ति ऐसी जानकारी के प्रकटीकरण के लिए सहमति नहीं देता है। यहां तक ​​कि जो देश जानकारी साझा करते हैं वे आम तौर पर कैद किए गए विदेशी नागरिकों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं देते हैं,” मंत्रालय ने कहा।

अरब देशों में भारतीय कैदियों की संख्या
बहरीन में 265, मिस्र में 1, इज़राइल में 9, कुवैत में 428, लेबनान में 5, जॉर्डन में 30, मोरक्को में 1, ओमान में 92, कतर में 682, सऊदी अरब में 1,362, दक्षिण सूडान में 1, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में  1,966 और यमन में 1 कैदी है। (विदेश मंत्रालय के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक) 
Edited By : Navin Rangiyal

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख