तिहाड़ जेल की सुरक्षा में सेंध, सुरंग बनाकर दो कैदी फरार

सोमवार, 29 जून 2015 (09:43 IST)
नई दिल्ली। देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल की सुरक्षा में एक बार फिर सेंध लगा दी है। तिहाड़ में सुरंग बनाकर दो कैदी फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक फरार कैदियों में से एक को पकड़ लिया गया है, लेकिन एक कैदी अभी भी फरार है।
 
बताया जा रहा है कि अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा कैदी काफी खतरनाक है। तिहाड़ के सब जेल नंबर 7 की दीवार के पास कैदियों ने सुरंग खोदी थी। तिहाड़ जेल प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक ये सुरंग बहुत ही चालाकी से खोदी गई है, जिसमें औजारों का इस्तेमाल किया गया।
 
रविवार को गिनती के दौरान जब दोनों कैदी नहीं पाए गए तो उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान तिहाड़ में इस सुरंग का पता चला। 
 
उल्लेखनीय है कि तिहाड़ से कैदियों के भागने की ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले चार्ल्स शोभराज और फूलन देवी के हत्यारे शेर सिंह राणा भी तिहाड़ से भाग चुके हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें