वीरभद्र को पूछताछ के लिए ईडी का समन

शुक्रवार, 27 नवंबर 2015 (17:25 IST)
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले के संबंध में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा है।
 

ईडी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सिंह को दिसंबर के पहले सप्ताह में पूछताछ के लिए समन भेजा गया है। ईडी ने कांग्रेस नेता को उनके निवेशों, संपत्तियों और आयकर की जानकारी देने के लिए कहा था। उसने सीबीआई की शिकायत पर इस माह सिंह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का एक मामला दर्ज किया था।

सीबीआई पहले से ही उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। सिंह पर केंद्रीय इस्पात मंत्री रहते हुए वर्ष 2009 से 2011 के बीच आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक छह करोड़ से ज्यादा की संपत्ति एकत्र करने का आरोप है। सीबीआई ने सितंबर में दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में सिंह की संपत्तियों पर छापे मारे थे। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें