वेंकैया नायडू बोले, दुनियाभर में भाईचारे को बढ़ावा देता है योग...

बुधवार, 21 जून 2017 (19:17 IST)
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को यहां कहा कि योग न तो राजनीतिक है और न ही धार्मिक बल्कि यह दुनियाभर में भाईचारे को बढ़ावा देता है। कनॉट प्लेस में करीब 10,000 लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने योग से होने वाले लाभ के बारे में बताया। उन्होंने राजग के  राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ समारोह में आसन भी किया।

उन्होंने समारोह में कहा, योग राजनीतिक नहीं है और न ही धार्मिक। यह एक पारंपरिक भारतीय कला है और यह अति  प्राचीनकाल से देश में आजमाया जा रहा है। नायडू ने योग के वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होने के तथ्य पर भी खुशी व्यक्त की और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया।

उन्होंने कहा, कई देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। यह एकता और शांति लाता है। यह पूरी दुनिया में भाईचारे को बढ़ावा देता है। चूंकि योग स्वास्थ्य की देखभाल करता है ऐसे में उन्होंने लोगों से अपनी दिनचर्या में इसका अभ्यास करने की सलाह दी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें