Jagdeep Dhankhar : संसद के मानसून सत्र के बीच उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पद से दिया इस्तीफा, स्वास्थ्य को बताया वजह

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 21 जुलाई 2025 (21:33 IST)
Jagdeep Dhankhar Resigns : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उपराष्ट्रपति ने इस्तीफे का कारण स्वास्थ्य को बताया। यह अभी तक पहला मामला है जब उपराष्ट्रपति ने इस्तीफा दिया है। धनखड़ का कार्यकाल 2027 तक था। जगदीप धनखड़ ने 2022 में 14वें उप राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। 6 अगस्त 2022 को हुए उप राष्ट्रपति के चुनाव में धनखड़ ने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराया था। धनखड़ को कुल 725 में से 528 वोट मिले थे, जबकि अल्वा को 182 वोट मिले थे।

pic.twitter.com/n4nsDOxLGb

— Vice-President of India (@VPIndia) July 21, 2025
क्या लिखा पत्र में 
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार शाम स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेज दिया और कहा कि वह तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। धनखड़ ने राष्ट्रपति को लिखे अपने पत्र में कहा, "स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं। धनखड़ (74) ने अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति का पदभार संभाला था।

मंत्री, राज्यपाल और उपराष्ट्रपति
जगदीप धनखड़ उपराष्ट्रपति से पहले 2019 से 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे हैं। वे 1990 से 1991 तक चंद्रशेखर सरकार में संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं। इससे पहले 1989 से 1991 तक लोकसभा के सदस्य रहे। 1993 से 1998 के बीच वो राजस्थान विधानसभा के सदस्य रहे। 
सियासी सफर 
जगदीप धनखड़ जनता दल और कांग्रेस के सदस्य रह चुके हैं। 1989 से 1991 तक वे लोकसभा में जनता दल के सदस्य रहे। वे राजस्थान की झुंझुनू लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। 1991 में वे कांग्रेस में शामिल हुए थे। 1991 में उन्होंने अजमेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद राजस्थान की किशनगढ़ विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1998 में झुंझुनू लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में वे तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद साल 2003 में भाजपा में शामिल हुए थे। 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें प्रचार समिति में जगह दी थी। इनपुट भाषा Edited by : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी