शांति बनाए रखें जाट प्रदर्शनकारी : सहवाग

रविवार, 21 फ़रवरी 2016 (17:25 IST)
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने हरियाणा में आरक्षण की मांग कर रहे जाट प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 
सहवाग ने रविवार को ट्वीट करके कहा कि सभी भाइयों से मेरी विनती है कि वे हिंसा त्याग दें और जिसकी जो भी मांग हो, वो संवैधानिक तरीके से रखे। हम रक्षक हैं, हिंसक नहीं। उन्होंने कहा कि हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है, मिल-बैठकर बात करने से ही हल निकलेगा। 
 
पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि देश की सेना और खेल जगत तथा और न जाने कितनी चीजों में देश का नाम ऊंचा किया गया है। हमारा जोश देश के भले लिए इस्तेमाल होना चाहिए। 
 
सहवाग ने कहा कि हम लोगों ने सेना और खेल में ऊंचा नाम किया है। हमें अपने जोश को देश के काम में लाना चाहिए। सहवाग खुद जाट समुदाय से आते हैं और उन्होंने भारत के लिए 104 टेस्ट और 251 वनडे मुकाबले भी खेले हैं। 
 
हरियाणा में जाट आंदोलन हिंसक रूप ले चुका है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 150 से ज्यादा घायल हुए हैं। 
 
राज्य के 6 जिलों रोहतक, झज्जर, सोनीपत, भिवानी, जींद, हिसार में कर्फ्यू लगा हुआ है। इन आंदोलनों के कारण राज्य में हाईवे जाम है, सैकड़ों ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, कई शहरों में कर्फ्यू लागू है। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें