मौसम अपडेट : उत्तर भारत में गर्मी से राहत नहीं, श्रीगंगानगर में पारा 48 के पार

शुक्रवार, 1 जून 2018 (10:35 IST)
नई दिल्ली। उत्तर भारत में झुलसा देने वाली प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। उत्तरप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को भी काफी गर्मी रही। 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म स्थान रहा।
 
दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन में सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने आज दिल्ली में तेज हवाएं चलने और आंशिक रूप से बादल छाये रहने का अनुमान जताया है। 
 
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश भागों में गर्मी काफी तेज पड़ रही है। हरियाणा के हिसार और भिवानी में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस क्षेत्र का सबसे गर्म स्थान रहा। इन दोनों राज्यों के ज्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से एक या दो डिग्री अधिक ही रहा। 
 
उत्तर प्रदेश के भी अधिकांश भागों में भयंकर गर्मी पड़ रही है। यहां के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। फैजाबाद, लखनऊ, आगरा, बरेली और मेरठ में दिन का तापमान इस सीजन में सामान्य के आसपास ही रहा। औराई प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 
 
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी