Weather Update News : कई राज्यों में मौसम करवट ले रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। उत्तर भारत में ठंड तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है, जबकि मैदानी राज्यों में भी पारा लगातार गिर रहा है और सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत ही खराब श्रेणी में बनी हुई है। इस दमघोंटू हवा में सांस लेना दुभर हो गया है। यहां अभी ठंड सिर्फ सुबह और शाम को ही पड़ती है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बरसात का दौर जारी है। तमिलनाडु, कराईकल, केरल के कई इलाकों में शीतलहर चलने की भी संभावना है। कश्मीर घाटी, ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों और कई पहाड़ी जिलों में रात का तापमान जमाव बिंदु के नीचे दर्ज हो रहा है। उत्तराखंड में आज भी मौसम शुष्क बना रहेगा।
पंजाब में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है। राज्य में रविवार को न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ठंडा स्थान रहा फरीदकोट, जहां रात का तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के अंतिम दिनों में अक्सर तापमान में उतार–चढ़ाव रहता है, जबकि असली सर्दी दिसंबर के पहले हफ्ते से स्थिर होती है।
Edited By : Chetan Gour