मौसम अपडेट : गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी, मप्र में कई जगह सड़क संपर्क टूटा

बुधवार, 18 जुलाई 2018 (19:56 IST)
पुणे। गुजरात के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे में बहुत तेज और कहीं-कहीं अति वृष्टि के आसार हैं जबकि पश्चिम मध्यप्रदेश कुछ स्थानों में भारी तथा अलग-अलग स्थानों में बहुत तेज बारिश हो सकती है, जबकि मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के चलते सड़क संपर्क टूट गया। 
 
पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्यप्रदेश और केरल के अलग-अलग हिस्सों में भी बहुत तेज बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान अंडमान निकोबार द्वीप समूह, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पश्चिम राजस्थान, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ स्थानों में तेज बारिश हो सकती है।
 
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह : अंडमान निकोबार द्वीप समूह में प्रति घंटे 35-45 किमी की गति के तेज हवा चल सकती है, जो 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंच सकती है। मछुआरों को अंडमान और निकोबार के समुद्र में नहीं उतरने की सलाह दी गई है।
 
दक्षिण पश्चिम मानसून सौराष्ट्र और कच्छ में अति सक्रिय रहा जबकि पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्यप्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और केरल में सक्रिय रहा जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर रहा।
 
पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप के अधिकतर हिस्सो में तथा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, उत्तर और दक्षिण कर्नाटक और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में बारिश हुई। 
 
इस दौरान पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, गुजरात और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तथा बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मराठवाड़ा, रायलसीमा और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या फिर गरज के साथ छींटे पड़े।
 
रायसेन में सड़क संपर्क टूटा : मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में मंगलवार रात से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सागर, छतरपुर, पन्ना, सतना और विदिशा से उसका सड़क संपर्क टूट गया है।
 
रायसेन जिले के उदयपुरा, बेगमगंज, सिलवानी, भोजपुर, गैरतगंज आदि में जमकर बारिश हुई है। जिले में अब तक 502.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, वहीं बीते 24 घंटे में 62.9 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई है। पानी के कारण रायसेन-विदिशा मार्ग पर बनी अस्थाई कोड़ी पुलिया बह गई। दो दिन पहले ही इस पुलिया की मरम्मत की गई थी। इसके कारण विदिशा से सड़क संपर्क टूटा रहा।
 
तेंदुनी नदी पर सिलवानी से उदयपुरा की बीच बना पुल का हिस्सा बह गया है। इसके कारण लगभग 70 ग्रामों का सड़क संपर्क टूट गया है। यहां वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। जिले के उदयपुरा में भी बाढ़ जैसे हालात हैं। उधर, बेगमगंज के पास बीना नदी का पानी शहर में घुस गया, जिससे कई मोहल्लों में पानी भर गया है। (एजेंसियां)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी