क्या है Operation Kaveri, कैसे सूडान में भारतीयों की कर रहा है मदद?

बुधवार, 26 अप्रैल 2023 (08:46 IST)
Operation Kaveri : भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान (sudan conflict) में करीब 3000 भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी के तहत अभियान शुरू किया गया है। ऑपरेशन के जरिए अब तक सूडान से 500 से ज्यादा भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
 

क्या है ऑपरेशन कावेरी : संघर्षग्रस्त सूडान से फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार ने 'ऑपरेशन कावेरी' शुरू किया है। पीएम मोदी ने सोमवार को केरल में कहा था कि सूडान में गृहयुद्ध की वजह से हमारे कई लोग वहां फंस गए हैं। इसलिए हमने उन्हें सुरक्षित लाने के लिए 'ऑपरेशन कावेरी' शुरू किया है। इसकी देखरेख केरल के बेटे और हमारी सरकार के मंत्री मुरलीधरन कर रहे हैं।' कावेरी कर्नाटक और तमिलनाडु के दक्षिणी राज्यों से होकर बहने वाली प्रमुख भारतीय नदियों में से एक है। इससे पहले यूक्रेन से लोगों को निकालने के ऑपरेशन को 'ऑपरेशन गंगा' का नाम दिया गया था। 

इस ऑपरेशन के तहत भारत ने सूडान से अपने 278 नागरिकों के पहले जत्थे को आईएनएस सुमेधा के जरिये निकाला और वहां फंसे शेष भारतीयों के लिए जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई। इसके कुछ ही घंटे बाद भारतीय वायु सेना का परिवहन विमान सी130जे ‘पोर्ट सूडान’ में उतरा ताकि और भारतीय नागरिकों को वहां से निकाला जा सके। इसके बाद अन्य सी130जे विमान से नागरिकों को निकाला गया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अनुसार, पहले सी130जे विमान के माध्यम से 121 नागरिकों को और दूसरे विमान से 135 लोगों को बाहर निकाला गया।
 

A second C-130 flight reaches Jeddah bringing 135 passengers from Sudan.#OperationKaveri moving steadily forward. pic.twitter.com/JvwKgelnqN

— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) April 25, 2023
एक ट्वीट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बागची ने बताया कि सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना का एक और जहाज आईएनएस तेग शामिल हो गया है। आईएनएस तेग सूडान के बंदरगाह पर पहुंच गया है। इसमें और अधिकारी तथा वहां फंसे भारतीयों के लिए राहत सामग्री है। इससे सूडान के बंदरगाह पर दूतावास के कैम्प कार्यालय द्वारा किए जा रहे निकासी प्रयासों को बल मिलेगा।
 
विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने निकासी अभियान के बारे में कहा कि सूडान के बंदरगाह और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। उन्होंने ट्वीट किया कि सऊदी अरब के जेद्दा में आने के बाद ऑपरेशन कावेरी की टीम में शामिल हुआ, सूडान से भारतीयों को निकालने की व्यवस्था के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष गया।
 

Our efforts will continue to evacuate Indians from Sudan.

Appreciate the IAF crew. pic.twitter.com/07GkINzFJI

— V. Muraleedharan (@MOS_MEA) April 25, 2023
गौरतलब है कि रविवार को भारत ने कहा था कि हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गए हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज आईएनएस सुमेधा को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया था।

क्या है सूडान का हाल : सूडान में सेना और अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है। इस भीषण लड़ाई में पिछले 12 दिनों से जारी भीषण लड़ाई में 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, सूडान में दोनों पक्षों के 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत होने के बाद भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने के प्रयास तेज कर दिये हैं।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी