क्यों रद्द हुई अयोध्या में बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में होने वाली रैली?

Webdunia
शुक्रवार, 2 जून 2023 (12:50 IST)
Wrestlers Protest : अयोध्या में रविवार को भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में होने वाली संतों की रैली रद्द कर दी गई। खुद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि पुलिस जांच चल रही है और सुप्रीम कोर्ट के गंभीर निर्देशों का सम्मान करते हुए ये निर्णय लिया है।

ALSO READ: मुश्किल में भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह, सामने आई महिला पहलवानों की FIR
5 जून को होने वाली जन चेतना महारैली अयोध्या चलो को इसलिए रद्द किया गया है कि प्रशासन ने इस रैली की इजाजत नहीं दी। यह भी कहा जा रहा है कि पॉक्सो एक्ट की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या में होने वाली इस रैली को प्रशासन की ओर से स्वीकृति नहीं मिली थी। जिसको देखते हुए साधु-संतों ने बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में आवाज बुलंद की थी।

मामले में सीओ अयोध्या एसपी गौतम ने कहा कि सांसद बृजभूषण शरण सिंह को 5 जून को होने वाली रैली की अनुमति नहीं दी गई है। इस संबंध में उन्हें जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि जिले में धारा 144 लगी हुई है।

यह भी कहा जा रहा है कि अयोध्या प्रशासन ने यह कहते हुए रैली की अनुमति नहीं दी कि रामकथा पार्क में पर्यावरण दिवस पर सरकारी कार्यक्रम होना है और पूरे जिले में धारा 144 होने से किसी भी निजी कार्यक्रम की अनुमति नहीं है।
 
उल्लेखनीय है कि भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 5 जून को अयोध्या में 'जन चेतना महारैली' का ऐलान किया था। इस महारैली में बृजभूषण ने साधु-संतों से शामिल होने की अपील की थी।
 
दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ दो प्राथमिकयां दर्ज की हैं जिनमें पहली एक नाबालिग पहलवान के आरोपों के आधार पर पोक्सो (बाल यौन अपराधों से संरक्षण) के तहत दर्ज की गई है। दूसरी प्राथमिकी में शीलभंग करने संबंधी आरोप लगाए हैं। इसके अलावा भी पुलिस को बृजभूषण के खिलाफ 10 शिकायतें मिली है। 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख