Weather Predict: उत्तर भारत में बढ़ी सर्दी की ठिठुरन, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज

शुक्रवार, 31 जनवरी 2020 (23:01 IST)
नई दिल्ली। कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में तापमान में गिरावट के साथ उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को सर्दी की ठिठुरन बढ़ गई जबकि राष्ट्रीय राजधानी में कोहरा छाया रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया।
ALSO READ: Weather update : उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, उत्तराखंड में स्कूल-कॉलेज बंद
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 8.30 बजे राष्ट्रीय राजधानी में कोहरा छाने के कारण कुछ समय के लिए विभिन्न इलाकों में दृश्यता घटकर 100 मीटर से भी कम रह गई। हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा रहा। राजस्थान में अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे था। हिमाचल प्रदेश में भी सर्दी की ठिठुरन कायम है।
ALSO READ: Weather Prediction : हिमाचल में बर्फबारी से करोड़ों का नुकसान, मध्‍यप्रदेश में चमकी ठंड
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और आसमान भी साफ रहा जबकि मौसम विभाग ने घाटी में अगले कुछ दिनों तक मुख्यत: शुष्क एवं सर्द मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
अधिकारी ने बताया कि घाटी में उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग सबसे सर्द स्थान रहा और वहां न्यूनतम तापमान 0 से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। पंजाब के बठिंडा का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोनों राज्यों में सबसे सर्द इलाका बना हुआ है। बठिंडा में तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।
 
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश में सर्दी का प्रकोप जारी है। मनाली, कुफरी और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर गलन भरी सर्दी पड़ रही है। राज्य में सबसे कम तापमान केलांग में 0 से 13 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शिमला में 0.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
 
उत्तरप्रदेश में मुजफ्फरनगर सबसे सर्द स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा। राज्य की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम 8.1 डिग्री और अधिकतम 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तथा पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछेक जगहों पर घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
शिमला में पिछले 8 सालों में सबसे अधिक बर्फबारी : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पिछले 8 सालों के मुकाबले इस साल जनवरी में सबसे ज्यादा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
 
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर इस साल 89.4 सेमी बर्फबारी हुई है। 2012 में जनवरी माह में यह आंकड़ा 95 सेमी था। उन्होंने बताया कि जनवरी 2004 में शिमला में 96.6 सेमी और 1993 में 109.4 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई थी।
ALSO READ: Weather Predict : बर्फबारी के कारण हिमाचल में 636 रास्ते बंद, गुजरात में शीतलहर की चेतावनी
इस वर्ष शिमला जिले के जुब्बल में 38.5 सेमी, थियोग में 82 सेमी, खदराला में 160.5 सेमी, सराहन में 81 सेमी, कोटखाई में 32 सेमी और मशोबरा में 47.5 सेमी बर्फबारी हुई। आदिवासी जिले किन्नौर के कल्पा में इस महीने में 168.4 सेमी बर्फबारी हुई, जो पिछले 30 सालों में इस महीने में दूसरी सबसे बड़ी बर्फबारी है। इससे पहले जनवरी 2008 में कल्पा में 182 सेमी बर्फबारी हुई थी।
 
लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलांग में इस महीने केवल 32.8 सेमी बर्फ दर्ज हुई, जो सामान्य से काफी कम है। इसके अलावा राज्य में जनवरी में 124.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक है। यह 2004 के बाद से राज्य में हुई दूसरी सबसे अधिक वर्षा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी