नई दिल्ली। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी पड़ रही है और कश्मीर के विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में शनिवार को पारा शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से भारी बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में ठंड पड़ रही है और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने केंद्रशासित प्रदेश के लिए चार दिसंबर तक शुष्क मौसम बने रहने का अनुमान लगाया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने और इसके 48 घंटे में गहरे दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने तथा तमिलनाडु तट की तरफ बढ़ने के आसार हैं। इससे दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से भारी बारिश की आशंका है। यह दक्षिणी तमिलनाडु तट पर दो दिसंबर को पहुंच सकता है।(भाषा)