प्यार के लिए कुछ भी करेगी, शादी के लिए तैरकर बांग्लादेश से आई भारत, कोलकाता में हुई गिरफ्तार

मंगलवार, 7 जून 2022 (12:04 IST)
कोलकाता। बांग्लादेश की एक 22 वर्षीय महिला भारत में रहने वाले अपने प्रेमी से शादी करने के लिए सीमा पार तैर गई। बांग्लादेश बॉर्डर से होते हुए महिला सुंदरबन के घने जंगलों से गुजरी और भारत में प्रवेश करने के लिए घंटों तक नदी में तैरती रही। 
 
बांग्लादेश की रहने वाली कृष्णा मंडल और कोलकाता के अभिक मंडल की मुलाकात कुछ महीनों पहले फेसबुक पर हुई और दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। कृष्णा ने अभिक से शादी करने की ठानी लेकिन उसके पास पासपोर्ट नहीं था। इसलिए उसने अवैध रूप से बॉर्डर पार करते हुए पडोसी देश में घुसने का फैसला किया। 
 
इस दुर्गम यात्रा के दौरान कृष्णा रॉयल बंगाल टाइगर्स का घर कहे जाने वाले सुंदरबन के जंगलों को पार किया। दलदल और कीचड़ से भरे इस रास्ते को पार करते हुए कृष्णा मतला नदी के किनारे तक पहुंची। उसके बाद कृष्णा ने एक घंटे तक तैरकर नदी पार की और अंततः भारत पंहुचने में सफल रही।
कोलकाता पहुंच कर कालीघाट मंदिर में कृष्णा ने अभिक से शादी तो कर ली, लेकिन उसे सोमवार को अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। 
 
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने कृष्णा के साहस की सराहना की है तो कुछ लोग इसे महज पागलपन बता रहे हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी