आप में घमासान, इस तरह छलका योगेंद्र का दर्द

सोमवार, 2 मार्च 2015 (16:52 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी में मचे घमासान के बीच आज योगेंद्र यादव ने फेसबुक पर कमेंट कर अपना दर्दे हाल बयां किया। योगेंद्र ने कहा कि मीडिया में जिस तरह की खबरें चल रही हैं, उससे मैं बेहद आहत हूं।
 
योगेन्द्र यादव ने लिखा कि पिछले दो दिन से प्रशांत जी और मेरे बारे में चल रही खबरें सुन रहा हूं, पढ़ रहा हूं। नई-नई कहानियां गढ़ी जा रही हैं, आरोप मढ़े जा रहे हैं, षड्यंत्र खोजे जा रहे हैं। ये सब पढ़कर हंसी भी आती है और दुख भी होता है। हंसी इसलिए आती है कि कहानियां इतनी मनगढ़ंत और बेतुकी हैं। लगता है कहानी गढ़ने वालों के पास समय कम होगा और कल्पना ज़्यादा।
 
लेकिन, इन आरोपों और कहानियों की नीयत को देखकर दुख होता है। दिल्ली की जनता ने हमें इतनी बड़ी जीत दी है। आज का ये वक़्त बड़ी जीत के बाद, बड़े मन से, बड़े काम करने का है। देश ने हमसे बड़ी उम्मीदें लगाई हैं। मैं यही अपील कर सकता हूं कि हम अपनी छोटी हरकतों से अपने आप को और इस आशा को छोटा न होने दें। बस सद्बुद्धि की प्रार्थना कर सकता हूं। आइए हाथ उठाएं हम भी, हम जिन्हें रस्म-ए-दुआ याद नहीं...।

वेबदुनिया पर पढ़ें