नरेन्द्र मोदी कांग्रेस के लिए ‘यमराज’

शनिवार, 6 अप्रैल 2013 (22:42 IST)
FILE
रामपुर। भाजपा ने नरेन्द्र मोदी की तुलना ‘यमराज’ से करने को लेकर कांग्रेस पर जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में गुजरात के मुख्यमंत्री सत्ताधारी पार्टी के लिए घातक साबित होंगे।

भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, 'हां, नरेंद्र भाई यमराज हैं लेकिन केवल उन लोगों के लिए जो देश के खिलाफ आतंकवाद, भ्रष्टाचार और षड्यंत्र में शामिल हैं। कांग्रेस ने मोदी जी को यमराज के रूप में सही ही देखा है क्योंकि वह आगामी चुनाव में उनके लिए वैसे ही साबित होंगे।'

नकवी वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनसंहार ने यह दिखा दिया कि कांग्रेस सबसे बड़ा साम्प्रदायिक संगठन है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हाल में नौकरशाही निष्क्रियता और भ्रष्टाचार के समस्या होने संबंधी टिप्पणी को लेकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने नौकरशाहों से बंधुआ मजदूर के रूप में व्यवहार किया।

नकवी ने कहा कि अधिकारियों ने जब भी कानून के का पालन करने का प्रयास किया तो उन्हें स्थानांतरण और पदानवति के रूप में प्रताड़ित किया गया और प्रताड़ित किया जा रहा है।

उन्होंने आईएएस अधिकारी अशोक खेमका के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ईमानदार और कानून का पालन करने वाले नौकरशाह से फुटबॉल की तरह व्यवहार किया जा रहा है और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान भेजा जा रहा है। उनके 20 वर्ष के कार्यकाल में 40 बार स्थानांतरण किया जा चुका है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें