भारत की पाकिस्तान को फटकार

सोमवार, 27 सितम्बर 2010 (20:04 IST)
जम्मू-कश्मीर के बारे में पाकिस्तान की हाल की बयानबाज़ी पर भारत ने सोमवार को उसे झिड़कते हुए कहा कि यह पूरी तरह से सुस्पष्ट तथ्य है कि यह राज्य भारत का अभिन्न अंग है और इस बात में शक की कोई गुंजाइश नहीं है।

FILE
भारत की कश्मीर नीति के संबंध में पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता अब्दुल बासित की रविवार की की टिप्पणी पर यहाँ सरकार के सूत्रों ने कहा कि भारत का यह रुख उसके मित्रों और वार्ताकारों सभी को एकदम स्पष्ट किया जा चुका है।

सरकारसूत्रों ने कहा कि हम इस बारे में पूरी तरह स्पष्ट हैं कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और एक गतिशील लोकतंत्र के रूप में देश के किसी भी हिस्से में अपने नागरिकों द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों का समाधान करने के लिए उसके पास पर्याप्त तंत्र और संवैधानिक सुरक्षा उपाय हैं।

क्या कहा था बासित ने : बासित ने रविवार को इस्लामाबाद में इंटरव्यू में कहा था कि भारत की बिना लोच वाली कश्मीर नीति में परिवर्तन आने से दोनों देशों को फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग नहीं है और यह भी कि भारतीय संविधान के दायरे में कश्मीर मुद्दे का हल नहीं ढूँढा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि दोनों देश दशकों से इस मुद्दे पर चर्चा करते आ रहे हैं। यह भारत के साथ समग्र वार्ता का भी मुख्य विषय रहा लेकिन भारत ने कभी भी इसके समाधान का गंभीर प्रयास नहीं किया। बासित ने कहा कि अब जब भी दोनों देशों के बीच वार्ता प्रक्रिया बहाल होगी, हमें उम्मीद है कि भारत व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ सामने आएगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें