Chaitra Navratri 2021: पहले दिन होती है मां 'शैलपुत्री' की पूजा, पढ़ें पावन कथा

Devi Shailputri Katha
 
इस वर्ष चैत्र नवरात्रि पर्व की शुरुआत 13 अप्रैल 2021, मंगलवार को दिन चैत्र शुक्ल प्रतिप्रदा से होगा। इसी दिन हिन्दू नववर्ष आरंभ भी होगा। नवरात्रि में दुर्गा पूजा के अवसर पर दुर्गा देवी के नौ रूपों की पूजा-उपासना बहुत ही विधि विधान से की जाती है।

इन रूपों के पीछे तात्विक अवधारणाओं का परिज्ञान धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की जाएगी। यहां पढ़ें नवरात्रि की पहली देवी शैलपुत्री की पावन कथा- 
 
वन्दे वांच्छितलाभाय चंद्रार्धकृतशेखराम्‌ । 
वृषारूढ़ां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्‌ ॥
 
आइए जानते हैं मां शैलपुत्री के बारे में... 
 
मां दुर्गा को सर्वप्रथम शैलपुत्री के रूप में पूजा जाता है। हिमालय के वहां पुत्री के रूप में जन्म लेने के कारण उनका नामकरण हुआ शैलपुत्री। इनका वाहन वृषभ है, इसलिए यह देवी वृषारूढ़ा के नाम से भी जानी जाती हैं। इस देवी ने दाएं हाथ में त्रिशूल धारण कर रखा है और बाएं हाथ में कमल सुशोभित है। यही देवी प्रथम दुर्गा हैं। ये ही सती के नाम से भी जानी जाती हैं। उनकी एक मार्मिक कहानी है। 
 
एक बार जब प्रजापति ने यज्ञ किया तो इसमें सारे देवताओं को निमंत्रित किया, भगवान शंकर को नहीं। सती यज्ञ में जाने के लिए विकल हो उठीं। शंकरजी ने कहा कि सारे देवताओं को निमंत्रित किया गया है, उन्हें नहीं। ऐसे में वहां जाना उचित नहीं है। 
 
सती का प्रबल आग्रह देखकर शंकरजी ने उन्हें यज्ञ में जाने की अनुमति दे दी। सती जब घर पहुंचीं तो सिर्फ मां ने ही उन्हें स्नेह दिया। बहनों की बातों में व्यंग्य और उपहास के भाव थे। भगवान शंकर के प्रति भी तिरस्कार का भाव है। दक्ष ने भी उनके प्रति अपमानजनक वचन कहे। इससे सती को क्लेश पहुंचा। 
 
वे अपने पति का यह अपमान न सह सकीं और योगाग्नि द्वारा अपने को जलाकर भस्म कर लिया। इस दारुण दुःख से व्यथित होकर शंकर भगवान ने उस यज्ञ का विध्वंस करा दिया। यही सती अगले जन्म में शैलराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्मीं और शैलपुत्री कहलाईं। 
 
पार्वती और हेमवती भी इसी देवी के अन्य नाम हैं। शैलपुत्री का विवाह भी भगवान शंकर से हुआ। शैलपुत्री शिवजी की अर्द्धांगिनी बनीं। इनका महत्व और शक्ति अनंत है।

ALSO READ: Chaitra navratri 2021 : चैत्र नवरात्रि की 5 खास बातें

ALSO READ: चैत्र नवरात्र 2021 : कब और कैसे करें कलश की स्थापना, जानिए सबसे मंगलकारी शुभ मुहूर्त

ALSO READ: Durga Chalisa : नमो नमो दुर्गे सुख करनी, चैत्र नवरात्रि में अवश्य पढ़ें श्री दुर्गा चालीसा

ALSO READ: Devi Shailputri Ki Aarti : शैलपुत्री मां बैल पर सवार, करें देवता जय जयकार

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी