असम में आडवाणी और पाटिल का विरोध

- गुवाहाटी से अम्बेश्वर गोगोई

असम में गुरुवार को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद गुवाहाटी में हालात का जायजा लेने पहुँचे केन्द्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल और भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के दावेदार तथा नेता प्रतिपक्ष लालकृष्ण आडवाणी को विरोध का सामना करना पड़ा है।

उक्त दोनों नेता जब गुवाहाटी के समीप गणेशगुडी पहुँचे तो गुवाहाटी विश्वविद्यालय के छात्रों ने उन्हें घेर लिया और अपना विरोध प्रदर्शन किया। ये छात्र काफी उत्तेजित थे और तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।

बम विस्फोटों के कारण सब्र का बाँध टूट गया और छात्रों ने एक पुलिस वाहन फूँक डाला। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ही 'वेबदुनिया' ने आगाह कर दिया था कि शुक्रवार को गुवाहाटी पहुँचने वाले नेताओं को छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। ‍बम धमाकों में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कई छात्र भी घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

समाचार लिखे जाने तक अडाबारी में उत्तेजना का माहौल था और यहाँ झगड़ा जारी था। यह झगड़ा कभी भी उग्र रूप धारण कर सकता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें