अमेरिकी सीनेट में दीपावली पर डाक टिकट के लिए प्रस्ताव पेश

वॉशिंगटन। दो प्रभावशाली अमेरिकी सांसदों ने अमेरिकी सीनेट में एक प्रस्ताव पेश करके अमेरिकी डाक सेवा से कहा है कि वह दीपावली के त्योहार के मौके पर एक डाक टिकट जारी करे।

सीनेट इंडियन कॉकस से सह अध्यक्ष सीनेटर मार्क वार्नर ने कहा कि यह डाक टिकट 30 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकियों और विश्वभर में 1 अरब से अधिक भारतीयों के लिए दीपावली की महत्ता को दर्शाने के लिए महत्वपूर्ण है। वार्नर ने सीनेटर जॉन कोर्निन के साथ मिलकर यह प्रस्ताव पेश किया।
 
कोर्निन ने कहा कि दीपावली पर डाक टिकट जारी करना टेक्सास और देशभर में भारतीय अमेरिकियों के लिए रोशनी के इस त्योहार की महत्ता को सम्मानित करने का अहम एवं अर्थपूर्ण तरीका है। यह प्रस्ताव कांग्रेस की एक समिति को दे दिया गया है, जो कि इस प्रस्ताव पर विचार करके इसे संभवत: सदन या सीनेट को भेजेगी।
 
अमेरिकी डाक सेवा ने क्रिसमस और ईद जैसे प्रसिद्ध धार्मिक त्योहारों के लिए भी इसी प्रकार के डाक टिकट जारी किए हैं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें