छह भारतीय छात्रों को गेट्स कैम्ब्रिज छात्रवृत्ति मिली

लंदन। इस वर्ष ब्रिटेन में प्रतिष्ठित गेट्स कैम्ब्रिज छात्रवृत्ति के लिए दुनिया के 28 देशों से चुने गए 54 छात्रों में 6 भारतीय छात्र भी शामिल हैं। ये सभी चुने गए छात्र अक्टूबर महीने से कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में अपनी स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू करेंगे।

बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व की क्षमता, कैम्ब्रिज के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और दूसरों का जीवन सुधारने के लिए उनकी प्रतिबद्धता के आधार पर कुल 3,535 अभ्यर्थियों में से 54 विद्यार्थियों का चुनाव किया गया।
 
गेट्स कैम्ब्रिज ट्रस्ट के प्रोवोस्ट (सीईओ) प्रोफेसर बैरी ऐवरिट ने कहा‍ कि विभिन्न देशों और पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले 54 उत्कृष्ट लोगों को गेट्स कैम्ब्रिज छात्रवृत्ति देते हुए हमें खुशी हो रही है।
कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार छात्रवृत्ति के लिए चुने गए 6 भारतीय हैं- आयशा इस्लाम, श्रीधर राजन जगन्नाथन, श्रद्धा कौर, अनंतनारायणन कुमार, सबा शर्मा और स्नेहा शशिधर।
 
आयशा इस्लाम सोशियोलॉजी में पीएचडी करेंगी। श्रीधर राजन जगन्नाथन और श्रद्धा कौर की पीएचडी साइकोलॉजी में है। राजन कैम्ब्रिज में चेतना और ध्यान के बीच संबंधों का अध्ययन करेंगे।
 
अनंतनारायणन कुमार बायो साइंस में पीएचडी करने वाले हैं जबकि सबा शर्मा की पीएचडी भूगोल विषय में है। सबा पूर्वोत्तर भारत के असम क्षेत्र पर अध्ययन करेंगी। स्नेहा शशिधर अपनी पीएचडी बायोलॉजी विज्ञान में करेंगी। 

वेबदुनिया पर पढ़ें