173 गुना कीमत पर बिकी ओलिम्पिक की मशाल

रविवार, 17 अगस्त 2008 (19:46 IST)
बीजिंग ओलिम्पिक की एक मशाल यहां नीलामी में 37 हजार 843 डॉलर (2 लाख 60 हजार युआन) में बिकी जो उसकी मूल लागत से 173 गुना अधिक है।

मशाल की कीमत 1 लाख 20 हजार युआन लगाई गई थी लेकिन इसकी आखिरी बोली 2 लाख 91 हजार 200 युआन की लगी, जिसमें कमीशन भी शामिल है। 'द बीजिंग न्यूज' ने आज यहाँ जानकारी दी।

बीजिंग ओलिम्पिक की आयोजन समिति के एक अधिकारी के हवाले से इसमें बताया गया कि हर मशाल की लागत करीब 1500 युआन आई है।

ओलिम्पिक एक्सपो बीजिंग 2008 के दौरान यह नीलामी हुई। एथेंस लंदन बर्लिन और बीजिंग ओलिम्पिक की मशाल को लेकर ग्राहकों में काफी उत्साह देखा गया।

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक सबसे ज्यादा लोकप्रिय बीजिंग ओलिम्पिक की ही मशाल थी जो सबसे महँगी बिकी। बर्लिन ओलिम्पिक 1936 की मशाल से भी महँगी। पहली बार ओलिम्पिक मशाल रिले बर्लिन में ही शुरू हुई थी। यह मशाल 1 लाख 68 हजार युआन में बिकी।

नीलामी करने वाली चाइना गार्डियन ऑक्शंस कंपनी लिमिटेड ने मशाल खरीदने और बेचने वाले के बारे में तफ्सील से जानकारी देने से इनकार कर दिया।

वेबदुनिया पर पढ़ें