चौधरी वीरेन्द्र सिंह भाजपा में शामिल

शुक्रवार, 29 अगस्त 2014 (19:37 IST)
नई दिल्ली। हरियाणा के कद्दावर जाट नेता चौधरी वीरेन्द्र सिंह शुक्रवार को कांग्रेस छोड़कर विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो गए।

चौ. वीरेन्द्र सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर राज्य में अपने ढंग से पार्टी और सरकार को चलाने के आरोप लगाते हुए इस महीने के शुरू में कांग्रेस छोड़ने का एलान किया था।

इसके बाद 16 अगस्त को उन्होंने जींद में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ मंच साझा किया और एक तरह से भाजपा का दामन थाम लिया था।

अमित शाह ने यहां पार्टी मुख्यालय में चौधरी वीरेन्द्र सिंह को विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। उनके साथ राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अत्तर सिंह और लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के सोनीपत सीट से उम्मीदवार जयसिंह तथा कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल के कुल 61 नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें