नीतीश कुमार से चार गुना संपत्ति पुत्र के पास

मंगलवार, 31 दिसंबर 2013 (23:40 IST)
FILE
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के पास उनसे चार गुना से अधिक चल एवं अचल संपत्ति है।

बिहार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वर्ष 2013 के 24 दिसंबर तक जारी चल एवं अचल संपत्ति में उनके पास नकद, बैंक खातों में जमा राशि तथा अन्य चल एवं अचल संपत्ति करीब 46.8 लाख रुपए बताई गई है, जबकि उनके पुत्र निशांत की कुल संपत्ति 1.96 करोड रुपए है। इसमें 81.68 लाख रुपए बैंक खातों में जमा राशि एवं अन्य निवेश सहित चल संपत्ति तथा 1.15 करोड़ रुपए अचल संपत्ति शामिल है।

नीतीश द्वारा जारी की गई उनके संपत्ति के ब्यूरो के अनुसार उनके तथा पुत्र निशांत के पास कोई देनदारी नहीं है। नीतीश ने अपने संपत्ति ब्योरे में अपने पास केवल 17909 रुपए नकद तथा उनके पुत्र के पास 7095 रुपए नकद होने का जिक्र किया है। मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2012-13 के दौरान अपनी घोषित आय 141142 रुपए तथा अपने पुत्र की आय 402250 रुपए दर्शाई है।

नीतीश के पुत्र के पास अपने पिता की तुलना में अधिक चल संपत्ति है। नीतीश की चल संपत्ति जहां मात्र 6.88 लाख है, वहीं उनके पुत्र की चल संपत्ति 81.68 लाख रुपए की है। इसी प्रकार से नीतीश के पास 40 लाख रुपए का भूखंड और अन्य अचल संपत्ति है। वहीं उनके पुत्र के पास करीब 1.15 करोड रुपए की अचल संपत्ति है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 31 दिसंबर 2010 से स्वयं और अपने मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के लिए अपनी संपत्ति को सार्वजनिक किया जाना आवश्यक करार दिया था। नीतीश के साथ-साथ जदयू के 17 अन्य मंत्रियों ने भी मंगलवार को साल 2013 के अंत तक की अपनी-अपनी संपत्ति को सार्वजनिक किया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें